लोहरदगा़ रेलवे के डीआरएम करुणा निधि ने अधिकारियों की टीम के साथ लोहरदगा रेलवे स्टेशन का दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया. डीआरएम सबसे पहले इंस्पेक्शन ट्रेन से कोयल नदी ब्रिज पहुंचे. वहां उन्होंने पुल मरम्मत कार्य में लगे कर्मियों से बातचीत की और कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया. इसके बाद वे कोयल नदी रेलवे ब्रिज से पैदल ही लोहरदगा रेलवे स्टेशन पहुंचे. बरसात के पूर्व पूरा होगा पुल मरम्मत का कार्य : प्रभात खबर से विशेष बातचीत में डीआरएम करुणा निधि ने कहा कि लोहरदगा आने का मुख्य उद्देश्य पुल मरम्मत के कार्यों को देखना था. बरसात से पूर्व पुल का काम पूरी तरह दुरुस्त हो जायेगा, इसके बाद इस रूट पर ट्रेनों की गति तेज होगी. उन्होंने कहा कि अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत लोहरदगा स्टेशन का भव्य विकास किया गया है, जिसका जल्द ही उद्घाटन होना है. इसी तैयारी को लेकर निरीक्षण किया जा रहा है. लोहरदगा होकर चलेंगी कई अन्य नयी ट्रेनें : डीआरएम ने स्थानीय रेल अधिकारियों के साथ बैठक कर पूरी स्थिति की जानकारी ली. उन्होंने बताया कि लोहरदगा को हाल ही में दो नयी ट्रेनें मिली हैं, जिससे अब कोलकाता और राजस्थान आना-जाना आसान हो गया है. भविष्य में कुछ और ट्रेनें लोहरदगा होकर गुजरेंगी. आने वाले समय में यह स्टेशन इस क्षेत्र का एक महत्वपूर्ण रेल हब बनेगा. मौके पर रेलवे के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे.