लातेहार. महिला थाना कांड संख्या 02/2026 में दर्ज आरोपी के घर पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर इस्तेहार चिपकाया है. दर्ज मामले में शहर के करकट मुहल्ला निवासी रोहित सोनी उर्फ रोहन कुमार सोनी पर शादी का झांसा देकर यौन शोषण करने का आरोप है. जानकारी के अनुसार न्यायालय द्वारा अभियुक्त के विरुद्ध पूर्व में गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया था, लेकिन गिरफ्तारी के भय से वह लंबे समय से फरार चल रहा है. इसके बाद न्यायालय ने दंड प्रक्रिया संहिता की धारा 82 के तहत उद्घोषणा जारी करते हुए अभियुक्त को 25 जून 2026 को न्यायालय में उपस्थित होने का निर्देश दिया है. न्यायालय के आदेश के आलोक में महिला थाना प्रभारी दीपाली महली के नेतृत्व में पुलिस टीम ने करकट पहुंचकर डुगडुगी बजाकर परिजनों के समक्ष उद्घोषणा की. इस दौरान हवलदार विनोद कुमार सिंह, प्रमिला देवी, सुशीला कुमारी एवं सशस्त्र बल के जवान मौजूद थे.
