बेतला़ बरवाडीह क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के उद्देश्य से एसडीपीओ विरेंद्र राम ने पंजाब नेशनल बैंक का औचक निरीक्षण किया. उन्होंने बैंक परिसर, सुरक्षा उपकरणों, सीसीटीवी कैमरों और प्रवेश-निकास द्वारों का जायजा लिया. शाखा प्रबंधक शनि कुमार ने उन्हें सुरक्षा मानकों की जानकारी दी. एसडीपीओ ने कहा कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाये रखना और आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना पुलिस की प्राथमिकता है. बैंक, पेट्रोल पंप जैसे महत्वपूर्ण संस्थानों की सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है, ताकि आपराधिक घटनाओं को रोका जा सके. उन्होंने बैंक प्रबंधन को सुरक्षा मानकों का पूर्ण पालन करने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि क्षेत्र में लगातार गश्ती अभियान चलाया जा रहा है ताकि आम जनता सुरक्षित वातावरण में कार्य कर सके.
