लातेहार ़ जिला समाहरणालय में सोमवार को उपायुक्त संदीप कुमार की अध्यक्षता में कल्याणकारी योजनाओं की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक हुई. इसमें प्रधानमंत्री जनमन, धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान, आइटीडीए, जेटीडीएस, कल्याण विभाग और मुख्यमंत्री स्वास्थ्य सहायता योजना के कार्यों की प्रगति जांची गयी. मौके पर उपायुक्त ने कहा कि प्रत्येक योजना के लक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करना सुनिश्चित करें. विशेषकर स्वास्थ्य एवं कल्याण से जुड़ी योजनाओं में किसी भी प्रकार की देरी बर्दाश्त नहीं की जायेगी. विभिन्न विकास योजनाओं की हुई समीक्षा : धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के तहत वित्तीय वर्ष 2025-26 की योजनाओं की समीक्षा की गयी. बैठक में टीएमएमसी के निर्माण कार्य, पीएम आवास (ग्रामीण), पीएम ग्राम सड़क योजना और पीएम उज्ज्वला योजना के तहत एलपीजी गैस कनेक्शन वितरण की स्थिति की समीक्षा हुई. पारदर्शिता और सतत निगरानी पर जोर : आइटीडीए और जेटीडीएस की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने कहा कि योजनाओं का लाभ ग्रामीण परिवारों तक पहुंचाने के लिए फील्ड स्तर पर सतत निगरानी आवश्यक है. उन्होंने छात्रवृत्ति वितरण और आवासीय विद्यालयों के संचालन में पूरी पारदर्शिता बरतने का निर्देश दिया. बैठक में डीडीसी सैय्यद रियाज अहमद, सिविल सर्जन डॉ राज मोहन खलखो, जिला कल्याण पदाधिकारी अनिल कुमार, जिला आपूर्ति पदाधिकारी श्रवण राम, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी सविता कुमारी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी डॉ चंदन सहित कई अधिकारी उपस्थित थे.