हाथी के हमले में महिला गंभीर रूप से घायल

मरकच्चो थाना क्षेत्र की दशारो पंचायत के पुरनी बखरी की घटना

By DEEPESH KUMAR | May 4, 2026 9:56 PM

: मरकच्चो थाना क्षेत्र की दशारो पंचायत के पुरनी बखरी की घटना मरकच्चो. हाथियों के झुंड से भटके एक हाथी ने दशारो पंचायत अंतर्गत पुरनी बखरी में एक महिला पर हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया. घायल की पहचान पुरनी बखरी निवासी 50 वर्षीय सोहवा देवी (पति मेघलाल महतो) के रूप में की गयी. घटना सोमवार सुबह लगभग 5.15 बजे की बतायी गयी. जानकारी के अनुसार, महिला गांव के बगल में स्थित चिमनी भट्ठा के पीछे शौच के लिए गयी थी. इसी दौरान झुंड से भटका हुआ हाथी एकाएक उसके सामने आ गया. हाथी ने महिला को जमीन पर पटक दिया. उधर से गुजर रहे एक व्यक्ति ने शोर मचाया और हाथी पर पत्थर चलाये, तब हाथी वहां से चला गया. सूचना मिलने पर गांव के कई लोग पहुंच गये, फिर घायल महिला को सदर अस्पताल ले गये. इस दौरान मुखिया प्रतिनिधि सुरेंद्र यादव ने वन विभाग के पदाधिकारियों को सूचना दी. सूचना मिलने पर वन विभाग के पदाधिकारी भी सदर अस्पताल पहुंचे व घायल महिला का हाल चाल लिया. सहयोग के तौर पर 15 हज़ार की राशि प्रदान की. इसके पूर्व हाथी ने तेलियामारण निवासी राबिया खातून, मोहम्मद हलीम, मोहम्मद अनवर हुसैन व मोहम्मद लतीफ के घर के बाउंड्री वाल को भी नुकसान पहुचाया है. हाथियों के लगातार उत्पात से बेरहवा जंगल से सटे गांवों के लोगों में भय व्याप्त है.