भाजपा ने किसानों की समस्याओं को लेकर दिया धरना, कहा
प्रखंड मुख्यालय परिसर में बुधवार को भाजपा ने किसानों की समस्याओं को लेकर एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया गया
By VIKASH NATH |
May 20, 2026 7:59 PM
हमें वादा नहीं, हक चाहिए
...
मरकच्चो. प्रखंड मुख्यालय परिसर में बुधवार को भाजपा ने किसानों की समस्याओं को लेकर एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया गया. इस दौरान हेमंत सरकार पर वादाखिलाफी और किसान विरोधी नीतियों का आरोप लगाया. वक्ताओं ने कहा कि हेमंत सरकार ने 3200 प्रति क्विंटल धान का एमएसपी देने का वादा किया था, जो अब तक अधूरा है. धान खरीद केंद्रों पर अव्यवस्था है, टोकन के लिए किसान महीनों भटकते हैं, बिचौलिये हावी हैं और भुगतान समय पर नहीं मिल रहा. ओलावृष्टि से फसल बर्बाद हुई, लेकिन महीनों बाद भी मुआवजा नहीं मिला. बीमा कंपनियों और सरकारी लापरवाही से अन्नदाता ठगा महसूस कर रहा है. मंडल प्रभारी गोपाल कुमार गुतुल ने कहा कि सरकार ने किसानों को सिर्फ ठगा है. चुनाव से पहले वादे किए अब मौन है, हमें वादा नहीं हक चाहिए. राजकुमार यादव ने कहा कि खाद-बीज, सिंचाई की कमी और फसल बिक्री की गारंटी न होने से खेती मुश्किल है. प्रदर्शन के बाद प्रखंड प्रशासन के माध्यम से राज्यपाल के नाम 12 सूत्री मांगपत्र सौंपा गया. जिसमे धान का एमएसपी 3200, बकाया भुगतान, ओलावृष्टि का मुआवजा, ससमय खाद-बीज, मुख्यमंत्री आशीर्वाद योजना चालू करना, ऋण माफी की समीक्षा, सिंचाई व्यवस्था, उच्च तकनीक की जागरूकता, कोल्ड स्टोरेज, बीमा योजना के अवरोध दूर करना, निःशुल्क बिजली और 450 में गैस सिलेंडर उपलब्ध करने की मांग शामिल है. मौके पर बेदु साव, महामंत्री विजय यादव, बसंत साव, मंडल अध्यक्ष शंभु सिंह, सुनील यादव, कैलाश यादव, रामचन्द्र यादव, रविन्द्र पांडेय, सावित्री देवी, प्रयाग यादव, पवन सिंह, अर्जुन यादव, पवन यादव आदि मौजूद थे.