परसाबाद में जाम की समस्या आम

स्थानीय लोगों के साथ-साथ राहगीरों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.

By DEEPESH KUMAR | April 26, 2026 9:40 PM

जयनगर. क्षेत्र में इन दिनों लग्न सीजन के चलते परसाबाद रेलवे फाटक पर जाम की समस्या लगातार गंभीर होती जा रही है. यह समस्या अब आम हो चुकी है, जिससे स्थानीय लोगों के साथ-साथ राहगीरों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. दिन के समय कई बार लंबा जाम लग जाता है, जिससे लोगों का समय बर्बाद होता है और जरूरी कार्यों में देरी होती है. वहीं रात के समय स्थिति और भी खराब हो जाती है, जब बारातों का आवागमन बढ़ जाता है. बारात के साथ चलने वाले वाहन सड़क पर धीमी गति से चलते हैं. कई बार तो बाराती बीच सड़क पर ही नाच-गान शुरू कर देते हैं, जिससे पूरी सड़क बाधित हो जाती है और जाम की स्थिति उत्पन्न हो जाती है. इस अव्यवस्था के कारण एंबुलेंस, स्कूल वाहन और अन्य जरूरी सेवाएं भी प्रभावित होती हैं. स्थानीय प्रशासन द्वारा इस समस्या के समाधान के लिए अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है, जिससे लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है. लोगों की मानें, तो ट्रैफिक व्यवस्था मजबूत करने और नियमों का सख्ती से पालन कराने की आवश्यकता है, ताकि आम जनता को राहत मिल सके.