रामनवमी को लेकर भगवामय हुआ शहर

ब्लॉक मैदान में होगा झांकियों का जुटान, तैयारी पूरी

By DEEPESH KUMAR | March 26, 2026 10:16 PM

ब्लॉक मैदान में होगा झांकियों का जुटान, तैयारी पूरी झुमरीतिलैया. रामनवमी के पावन अवसर पर शुक्रवार को जिले में श्रद्धा, आस्था और उल्लास का अद्भुत संगम देखने को मिलेगा. सुबह से ही घरों, मंदिरों और विभिन्न पूजा स्थलों में विधि-विधान के साथ भगवान श्रीराम की पूजा-अर्चना की जायेगी. रामनवमी को लेकर शहर पूरी तरह भगवामय हो गया है. जगह-जगह भगवा ध्वज लगाये गये हैं. रामनवमी पर शहर में मुख्य आयोजन ब्लॉक मैदान में होगा. यहां देर शाम के बाद शहर की 11 रामनवमी अखाड़ा समितियां अपने-अपने क्षेत्रों से भव्य झांकियां और ध्वज लेकर जुलूस के रूप में पहुंचेंगी. यहां झांकियों का मिलन होगा. इससे पहले पारंपरिक वेशभूषा, आकर्षक झांकियों और करतबों के साथ ये जुलूस शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए ब्लॉक मैदान में एकत्रित होंगे. इस वर्ष आयोजन को और भव्य बनाने के उद्देश्य से श्री रामनवमी झंडा महासमिति द्वारा कार्यक्रम स्थल को झंडा चौक के बजाय ब्लॉक मैदान में स्थानांतरित किया गया है. यहां 30 फीट लंबा और 50 फीट चौड़ा विशाल मंच तैयार किया गया है, जहां सांस्कृतिक कार्यक्रमों और अखाड़ों द्वारा प्रदर्शन किये जायेंगे. पारंपरिक खेल और प्रदर्शन के लिए विशेष मैदान भी तैयार किया गया है. दर्शकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए बैठने की समुचित व्यवस्था की गयी है, ताकि वे आराम से इस भव्य आयोजन का आनंद ले सकें. प्रशासन की ओर से सुरक्षा के भी कड़े इंतजाम किये गये हैं.