झुमरी तिलैया फ्लाइओवर निर्माण पर ठोस योजना बनायें: डीसी
उपायुक्त ऋतुराज की अध्यक्षता में नगर पर्षद की बैठक हुई.
कोडरमा बाजार. उपायुक्त ऋतुराज की अध्यक्षता में नगर पर्षद की बैठक हुई. बैठक में झुमरी तिलैया शहर में क्रियान्वित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए डीसी ने लंबित योजनाओं को जल्द पूर्ण करने का निर्देश दिया. वहीं राजस्व संग्रह की समीक्षा कर इसमें वृद्धि लाने का को कहा. बैठक में डीसी ने नगर प्रशासक को झुमरी तिलैया फ्लाईओवर निर्माण और विज्ञापन नीति के संबंध में ठोस योजना बनाने, गुमो में निर्माणाधीन पार्क को समय सीमा के अंदर पूर्ण करने, सभी नगर प्रबंधकों को अपने-अपने वार्डों का नियमित भ्रमण कर साफ-सफाई का निरीक्षण करने, शहर की सभी दुकानों व ठेलेवालों को डस्टबीन लगवाने आदि का निर्देश दिया. इसके अलावा शहर में पार्किंग व्यवस्था को सुदृढ़ करने, जलापूर्ति को लेकर मीटर स्थापना की प्रक्रिया में तेजी लाने, वस्त्र दान और पुस्तक दान जैसे सामाजिक कार्यक्रमों को प्रत्येक तीन माह में आयोजित करने और उसका नियमित रूप से मॉनिटरिंग करने का निर्देश दिया. डीसी ने ग्रीन तिलैया क्लीन तिलैया अभियान के तहत झुमरी तिलैया शहर को सुंदर बनाने को लेकर सड़क किनारे पौधारोपण करने, बस स्टैंड निर्माण को लेकर भूमि सीमांकन तथा झंडा चौक से रेलवे स्टेशन तक सौंदर्यीकरण से संबंधित प्रस्ताव तैयार करने, अशोका होटल के पीछे सब्जी बाजार की साफ सफाई, आयुष्मान आरोग्य मंदिर में इलाजरत मरीजों की सूची उपलब्ध कराने, प्रधानमंत्री आवास योजना के निर्माण कार्य में तेजी लाने, शेल्टर होम की निगरानी करने आदि का निर्देश दिया. मौके पर उपायुक्त के अलावे नगर प्रशासक अंकित कुमार, नगर प्रबंधक आदि मौजूद थे.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
