गोदाम से धुआं उठता देख आसपास के लोगों ने सूचना दीकोडरमा बाजार. थाना क्षेत्र अंतर्गत जलवाबाद वार्ड 6 स्थित शमशाद आलम के मेहर गारमेंट्स गोदाम में सोमवार की देर रात आग लग गयी. इस घटना से गोदाम में रखे लाखों रुपये के रेडीमेड कपड़े और फर्नीचर जल कर राख हो गये. गोदाम मालिक शमशाद आलम ने बताया कि रात में गोदाम बंद कर अपने घर चले गये थे. देर रात को गोदाम से धुआं निकलता देख आसपास के लोगों ने इसकी सूचना दी. आनन फानन में गोदाम पहुंचे. अंदर आग की तेज लपटें उठ रही थी. स्थानीय लोगों ने आग बुझाने का काफी प्रयास किया, परंतु सफल नहीं हुए, जिसके बाद दमकल विभाग को सूचना दी गयी. सूचना मिलते ही दमकल विभाग के कर्मी दलबल के साथ पहुंचे और मशक्कत से आग पर काबू पाया गया. गोदाम मालिक शमशाद के मुताबिक, इस घटना में करीब 35 लाख का नुकसान हुआ है. अगलगी का कारण शार्ट सर्किट बताया जा रहा है.