सतगावां में हाथियों ने खेतों लगी फसल नष्ट की

जिले में थम नहीं रहा है हाथियों का उत्पात

By DEEPESH KUMAR | April 17, 2026 10:32 PM

दहशत. जिले में थम नहीं रहा है हाथियों का उत्पात सतगावां. प्रखंड के कटैया पंचायत अंतर्गत गजहड़ गांव में गुरुवार की रात जंगली हाथियों के एक झुंड ने जमकर उत्पात मचाया. हाथियों ने न केवल ग्रामीणों के घरों को निशाना बनाया, बल्कि फसल को भी तहस- नहस कर दिया. इस घटना के बाद से पूरे इलाके में दहशत का माहौल व्याप्त है. गजहड़ गांव निवासी वीरेंद्र राय के घर पर हाथियों ने हमला बोल दिया. हाथियों ने घर की दीवारों को पूरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया और अंदर रखे अनाज गेहूं, चावल, दाल और आलू को खा गया और नष्ट कर दिया. परिवार के लोगों ने किसी तरह भागकर अपनी जान बचायी. जब तक ग्रामीण इकट्ठा होते हाथियों ने घर और राशन सब बर्बाद कर दिया था. घर के बाहर लगा चापानल भी तोड़ दिया है, जिससे अब पीने के पानी का संकट खड़ा हो गया है. हाथियों ने मालती देवी को भी नहीं बख्शा. उनकी एक एकड़ खेत में लगी गेहूं की फसल, जिसे काटकर बोझ बांधकर रखा गया था, हाथियों ने पूरी तरह चट कर दी. मालती देवी ने बताया कि लगभग 70 बोझा गेहूं बांधकर रखा हुआ था, जिसमें करीब 15 क्विंटल अनाज होता. वीरेंद्र राय द्वारा सूचना दिये जाने पर ग्रामीण एकजुट हुए और मशक्कत के बाद हाथियों के झुंड को गांव से खदेड़ा. पीड़ित परिवारों और ग्रामीणों ने वन विभाग तथा स्थानीय प्रशासन से मुआवजे की गुहार लगायी है, ताकि वे अपने घर की मरम्मत करा सकें और जीवन यापन के लिए अनाज की व्यवस्था कर सकें.