जयनगर. गणतंत्र दिवस पर नयी दिल्ली कर्तव्य पथ में भारत सरकार रक्षा मंत्रालय व पंचायती राज विभाग द्वारा आयोजित कार्यक्रम के दौरान जयनगर प्रमुख अंजू देवी और उनके पति ककरचोली पंचायत के मुखिया राजकुमार यादव को केंद्रीय पंचायती राज राज्य मंत्री एस पी सिंह बघेल द्वारा अंग वस्त्र और प्रतीक चिह्न देकर सम्मानित किया गया. इस सम्मान पर इन्होंने कहा कि यह सम्मान ककरचोली के साथ-साथ पूरे जयनगर की जनता का सम्मान है. श्री यादव ने कहा कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की उपस्थिति में विशिष्ट अतिथि के तौर पर कार्यक्रम में शामिल होना उनके लिए गौरव की बात है. कार्यक्रम में रांची, लातेहार, चतरा, पलामू, कोडरमा से एक-एक मुखिया तथा पंचायती राज विभाग झारखंड सरकार की ओर से नोडल पदाधिकारी अजीत कुमार सिंह शामिल थे.