खूंटी. नगर पंचायत चुनाव को लेकर सोमवार को मुख्यमंत्री उत्कृष्ट बालिका विद्यालय में मतदानकर्मियों को प्रशिक्षण दिया गया. उपायुक्त ने मतदान कर्मियों के प्रशिक्षण का निरीक्षण किया गया. निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने प्रशिक्षण सत्र में उपस्थित ट्रेनरों और प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे द्वितीय और तृतीय मतदान पदाधिकारियों से संवाद किया. जिसमें उन्होंने प्रशिक्षण की गुणवत्ता और तैयारियों का समीक्षा किया. उन्होंने सभी मतदान पदाधिकारियों को प्रशिक्षण को गंभीरता से लेने, मतदान प्रक्रिया से संबंधित प्रत्येक बिंदु को भली-भांति समझने का निर्देश दिया. कहा कि मतदान के दिन किसी प्रकार की त्रुटि या भ्रम की स्थिति उत्पन्न न होने दें. उपायुक्त ने ट्रेनरों को राज्य निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों और मार्गदशिका के अनुरूप मतदान प्रक्रिया, मतपेटिका की सीलिंग तकनीक, मतदान सामग्री के संधारण, मतदाता पहचान प्रक्रिया और अन्य आवश्यक प्रक्रियाओं की विस्तृत एवं व्यावहारिक जानकारी उपलब्ध कराने का निर्देश दिया. विशेष रूप से लाइव डेमोंस्ट्रेशन के माध्यम से मतपेटिका की सीलिंग तकनीक और संबंधित प्रक्रियाओं का अभ्यास सुनिश्चित करने पर बल दिया. उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण ही सफल मतदान की आधारशिला है. यदि सभी पदाधिकारी प्रशिक्षित और सजग रहेंगे तो 23 फरवरी 2026 को मतदान समय पर प्रारंभ होगा तथा पूरी प्रक्रिया सुचारू रूप से संपन्न कराई जा सकेगी. उन्होंने मतदान कार्य में संलग्न सभी पदाधिकारी एवं कर्मी को कर्तव्यनिष्ठा, पारदर्शिता एवं अनुशासन के साथ दायित्व निर्वहन करने का आह्वान किया. मौके पर वरीय पदाधिकारी प्रशिक्षण कोषांग-सह-परियोजना निदेशक आईटीडीए आलोक शिकारी कच्छप सहित अन्य उपस्थित थे.