गैस सिलिंडर के लिए रात में ही लग जा रही है लाइन

जिले में रसोई गैस सिलिंडर की किल्लत की समस्या कम होने का नाम नहीं ले रही है.

By CHANDAN KUMAR | March 21, 2026 7:55 PM

खूंटी. जिले में रसोई गैस सिलिंडर की किल्लत की समस्या कम होने का नाम नहीं ले रही है. लोग गैस सिलिंडर के लिए बुकिंग कर रहे हैं, इसके बाद भी उन्हें गैस सिलिंडर नहीं मिल पा रहा है. जिसके कारण उपभोक्ता इधर-उधर भटकने को विवश हैं. सबसे अधिक परेशानी इंडेन गैस को लेकर देखी जा रही है. गैस लेने के लिए लोग गैस एजेंसी का चक्कर काट रहे हैं. वहीं एजेंसी द्वारा घर-घर सिलिंडर सप्लाई करने के बावजूद गैस गोदाम से ही सिलिंडर का वितरण किया जा रहा है. इसके लिए भी लोगों को मशक्कत करनी पड़ रही है. शनिवार को गैस सिलिंडर आने की सूचना पर शुक्रवार की रात से ही कई लोग सिलिंडर लेने पहुंच गये. रातभर जाग कर सुबह में सभी कतारबद्ध होकर सिलिंडर का इंतजार करते रहे. इसमें लगभग 360 सिलिंडर ही आपूर्ति की गयी. जबकि कतार में लगे कई लोगों को सिलिंडर मिल ही नहीं सका. उन्हें मायूस होकर वापस लौटना पड़ा.