खूंटी. जिले में गुरुवार को ईद-उल-अजहा का त्योहार मनाया जायेगा. इस अवसर पर सुबह लोग विभिन्न मस्जिदों में नमाज अदा करेंगे. इसके बाद अपने-अपने घरों में नियमानुसार कुर्बानी देंगे. कुर्बानी के बाद लोग बकरीद का त्योहार खुशी-खुशी मनायेंगे. बकरीद को लेकर मस्जिदों में नमाज अदा करने का समय मुकर्रर किया गया है. इसके तहत कर्रा रोड जामा मस्जिद में पहली जमात की नमाज सुबह 6ः45 और दूसरी जमात की नमाज सुबह 7ः30 बजे पढ़ी जायेगी. जन्नत नगर मदीना मस्जिद में पहली पाली की नमाज सात बजे और दूसरी पाली की आठ बजे, पाशा कॉलोनी मस्जिद ए जोहरा में सुबह सात बजे और जन्नत नगर मस्जिद ए कौसर में भी सुबह सात बजे नमाज अदा की जायेगी. इधर जिला प्रशासन के द्वारा भी बकरीद को लेकर सारी तैयारियां पूरी कर ली गयी है. बकरीद के अवसर पर शहर के विभिन्न मार्ग, चौक चौराहा, मस्जिद और अन्य स्थानों पर दंडाधिकारी के साथ सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया गया है.