डीडीसी ने किया कटहल प्रसंस्करण इकाई का निरीक्षण
कटहल प्रसंस्करण इकाई का उप विकास आयुक्त प्रवीण कुमार प्रकाश ने निरीक्षण किया.
खूंटी. झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी (जेएसएलपीएस) के एफपीओ सरजोम्बा एग्री फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी द्वारा संचालित कटहल प्रसंस्करण इकाई का उप विकास आयुक्त प्रवीण कुमार प्रकाश ने निरीक्षण किया. उन्होंने इकाई में संचालित विभिन्न गतिविधियों का जायजा लिया. एफपीओ से जुड़ी दीदियों और सदस्यों के साथ बात की. इस दौरान कर्मियों ने बताया कि प्रसंस्करण इकाई में अभी कटहल और आम का अचार तैयार किया जा रहा है. कटहल की कैनिंग का कार्य भी किया जा रहा है. उप विकास आयुक्त ने कहा कि इससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था सुदृढ़ होगी और महिला सशक्तिकरण को भी नयी दिशा प्राप्त होगी. उन्होंने कहा कि उत्पादों के विपणन और प्रसंस्करण से संबंधित आवश्यकताओं की पूर्ति के लिए जिला प्रशासन द्वारा हर संभव प्रयास किया जायेगा. मौके पर जिला कार्यक्रम प्रबंधक (डीपीएम) खूंटी मनीषा सांचा, जेएसएलपीएस के कार्यकर्ता, एफपीओ के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स और अन्य उपस्थित थे.
