शत-प्रतिशत सीटों में नामांकन सुनिश्चित करें : डीसी

उपायुक्त जावेद हुसैन की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में सोमवार को जिले में संचालित एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय की प्रबंध समिति की बैठक हुई

By CHANDAN KUMAR | June 8, 2026 9:44 PM

प्रतिनिधि, खूंटी.

उपायुक्त जावेद हुसैन की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में सोमवार को जिले में संचालित एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय की प्रबंध समिति की बैठक हुई. जिसमें विद्यालयों के समग्र संचालन, शैक्षणिक गतिविधियों, आधारभूत संरचना, विद्यार्थियों के स्वास्थ्य, खेलकूद सुविधा और नामांकन प्रक्रिया की समीक्षा की गयी. उपायुक्त ने खूंटी, मुरहू, कर्रा व तोरपा के एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय में पठन-पाठन की वर्तमान स्थिति, शिक्षकों की उपलब्धता व विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति की जानकारी ली. उन्होंने गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने तथा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए आवश्यक सभी संसाधन उपलब्ध कराने को कहा. उन्होंने शत-प्रतिशत सीटों में नामांकन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. उपायुक्त ने विद्यालय परिसर में कमियों को दूर करने और सुविधाओं को सुदृढ़ करने का निर्देश दिया. कहा कि विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है. उन्होंने विद्यार्थियों के स्वास्थ्य संबंधी विषयों पर भी चर्चा की. उन्होंने नियमित स्वास्थ्य जांच करने, आवश्यकता अनुसार चिकित्सकों की प्रतिनियुक्ति करने तथा विद्यार्थियों को समय पर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने को कहा. वहीं विद्यालयों में आवश्यकतानुसार आउटसोर्सिंग के माध्यम से मानव संसाधन उपलब्ध कराने को लेकर विचार-विमर्श किया. विद्यार्थियों को मेनू तथा पोषण मानकों के अनुरूप भोजन उपलब्ध कराने की बात कही. नामांकन को लेकर प्रवेश परीक्षा से संबंधित जानकारी अधिकाधिक लोगों तक पहुंचाने को कहा. मौके पर जिला कल्याण पदाधिकारी प्रमोद राम, सिविल सर्जन डॉ ललित रंजन पाठक, जिला शिक्षा पदाधिकारी अपरूपा पॉल चौधरी, भवन प्रमंडल के सहायक अभियंता, विद्यालय के प्रधानाध्यापक, शिक्षक सहित अन्य उपस्थित थे.

एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय की प्रबंध समिति की बैठकB