गढ़वा जिले के भंडरिया थाना के मरदा गांव का रहनेवाला है राहुल केसरी
प्रतिनिधि, गढ़वा
गढ़वा पुलिस ने जेजेएमपी के एक उग्रवादी को आंध्र प्रदेश से गिरफ्तार किया है. गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उसकी निशानदेही पर एक इंसास राइफल, 41 राउंड गोली, एक पाउच एवं चार मैगजीन भी बरामद किया है. गिरफ्तार उग्रवादी भंडरिया थाना क्षेत्र के मरदा गांव निवासी बंशीधर केसरी का पुत्र राहुल केसरी बताया गया है. इसकी जानकारी सोमवार को पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार पांडेय ने अपने कार्यालय में एक प्रेसवार्ता कर दी. उन्होंने बताया कि 17 दिसंबर को रंका थाना क्षेत्र के ढेगुरा गांव में जेजेएमपी के उग्रवादी टूनेश लकड़ा एवं उसके चार-पांच सदस्यों वाले दस्ता के साथ पुलिस की मुठभेड़ हुई थी. इसमें पुलिस अवर निरीक्षक सह रंका थाना प्रभारी शंकर कुशवाहा घायल हो गये थे. मुठभेड़ की समाप्ति के बाद सर्च ऑपरेशन के दौरान सक्रिय उग्रवादी रमकंडा थाना क्षेत्र के होमिया गांव निवासी रामनाथ मुंडा का पुत्र शिव पूजन भूईंहर उर्फ शिव पूजन मुंडा को गिरफ्तार किया गया था. इसके बाद 23 दिसंबर 2023 को सक्रिय उग्रवादी रमकंडा थाना क्षेत्र के दुर्जन गांव निवासी राजेश राम का पुत्र मनोज राम उर्फ मनोज कुमार को गिरफ्तार किया गया. इसके करीब तीन महीने बाद 13 मार्च 2024 को एरिया कमांडर टुनेश लकड़ा उर्फ रवि को गढ़वा पुलिस द्वारा बलरामपुर एवं छत्तीसगढ़ पुलिस के सहयोग से गिरफ्तार किया गया.