Jharkhand Weather : झारखंड में दक्षिण-पश्चिम मॉनसून धीरे-धीरे सक्रिय होता जा रहा है. भारत मौसम विज्ञान के पूर्वानुमान के अनुसार अगले पांच दिनों तक झारखंड के अधिकांश जिलों में हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश और वज्रपात की संभावना बनी रहेगी. इधर, शनिवार और रविवार को वज्रपात से पांच की मौत हो गई.
बारिश से बदलेगा मौसम, गर्मी से मिलेगी राहत
मौसम केंद्र के अनुसार, अगले पांच दिनों में अधिकतम तापमान में तीन से पांच डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आने के संकेत हैं, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है. रविवार को देवघर जिले के सिकटिया में सर्वाधिक 54.0 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई. इसके अलावा, कोलेबिरा (40.2 मिमी), पपुनकी (30.8 मिमी), नोआमुंडी (23.6 मिमी), राजधनवार (23.2 मिमी) और पालकोट (14.8 मिमी) में भी बारिश हुई. रांची में छिटपुट बारिश दर्ज की गई. डालटनगंज राज्य का सबसे गर्म स्थान रहा. यहां अधिकतम तापमान 40.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. वहीं रांची का न्यूनतम तापमान 21.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जो राज्य में सबसे कम था. रांची का अधिकतम तापमान 30.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.
लोहरदगा में एक और गढ़वा में दो की हुई मौत
लोहरदगा के कैरो थाना क्षेत्र के सदाबे ड्रमरटोली गांव में रविवार को वज्रपात से सदाबे डुमरटोली निवासी विजय उरांव की ढाई साल की बच्ची अंकिता उरांव की मौत हो गई. गढ़वा के रंका प्रखंड के दुधवल गांव में शनिवार की शाम वज्रपात से शहबाज अंसारी (18 वर्ष), पिता मोजिब अंसारी और फैजुन खातून (12 वर्ष), पिता- अकबर अंसारी की मौत हो गई. वहीं, मझगांव और खरसावां प्रखंड क्षेत्र में वज्रपात से एक युवक और एक महिला की मौत हो गई.
पांच दिनों का पूर्वानुमान
मौसम विभाग के अनुसार, 2 जुलाई तक झारखंड के अधिकांश हिस्सों में आसमान में बादल छाये रहेंगे. कई जगहों पर हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश हो सकती है. 29 जून को पलामू, गढ़वा, चतरा और लातेहार में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं. 30 जून को झारखंड के विभिन्न हिस्सों में वज्रपात और तेज हवा की संभावना है, जबकि उत्तर-पूर्वी झारखंड (कोडरमा, गिरिडीह, धनबाद) में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है. 1 जुलाई को पूर्वी और पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां और मध्य झारखंड (रांची, बोकारो, खूंटी, रामगढ़, धनबाद आदि) के कुछ क्षेत्रों में भारी बारिश के आसार है.
ये भी पढ़ें: साहिबगंज: राजमहल में भाइयों के बीच हुआ जमीन विवाद, मारपीट में बुजुर्ग की मौत
ये भी पढ़ें: साहिबगंज सड़क हादसा: फरक्का से लौट रहे एक ही परिवार के 3 लोगों की ट्रेलर की चपेट में आने से मौत
