जमशेदपुर. जमशेदपुर फुटबॉल क्लब ने अनुभवी गोलकीपर रवि कुमार के साथ एक साल का कांट्रैक्ट किया है. एक साल के लिए जेएफसी प्रबंधन रवि कुमार को लगभग दस लाख रुपये देगी. टाटा फुटबॉल एकेडमी के पूर्व कैडेट रवि कुमार पंजाब, ओडिशा, मुंबई सिटी, नॉर्थईस्ट यूनाइटेड, दिल्ली डायनामोज, स्पोर्टिंग गोवा और पाइलान एरॉज जैसी क्लब से खेल चुके हैं. उत्तर प्रदेश के रहने वाले 33 वर्षीय रवि कुमार के पास अंडर-19 और अंडर-23 भारतीय टीम की ओर से खेलने का भी अनुभव भी है. 2008-12 तक टीएफए में फुटबॉल का प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले रवि कुमार जमशेदपुर के माहौल से बखूबी वाकिफ है. वहीं, उनको जेआरडी टाटा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में खेलने का भी अनुभव है. जेएफसी से जुड़ने के बाद रवि कुमार ने बताया कि जमशेदपुर वापस आना मेरे लिए घर वापसी जैसा है. मैंने अपनी जिंदगी का एक अहम दौर टीएफए में बिताए हैं. मैं अपनी टीम को शत प्रतिशत देने की कोशिश करुंगा. जेएफसी के हेड कोच ओवन कॉयल ने कहा कि रवि को टीम में शामिल करने से मजबूती मिलेगी. उनके अनुभव का लाभ टीम को जरूर मिलेगा.