जमशेदपुर. अहमदाबाद (गुजरात) में 16 से 21 जून तक आयोजित 79वीं सीनियर राष्ट्रीय तैराकी चैंपियनशिप के लिए झारखंड टीम की घोषणा कर दी गयी है. टीम में पूर्वी सिंहभूम (जमशेदपुर) के पांच तैराकों को शामिल किया गया है. वहीं, टाटा स्टील स्विमिंग ट्रेनिंग सेंटर के युवराज पटेल को झारखंड टीम का मुख्य कोच नियुक्त किया गया है. जमशेदपुर के अभिषेक सिंह टीम मैनेजर और दिव्या कुमारी महिला टीम की मैनेजर बनायी गयी हैं. झारखंड टीम 14 जून को टाटानगर स्टेशन से अहमदाबाद के लिए रवाना होगी. टीम में जमशेदपुर के सयान मुखर्जी ( 50, 100 और 200 मीटर ब्रेस्ट स्ट्रोक), दीपांशु सिंह (50 व 100 मीटर फ्री स्टाइल और 50 मीटर बटरफ्लाई), पीयूष कुमार सिंह (50, 100 और 200 मीटर बटरफ्लाई), आयुष पल्लव तिवारी (50 और 100 मीटर बैकस्ट्रोक), विक्की सिंह (200 मीटर बैक स्ट्रोक) शामिल किया गया है. प्रथमी सिंह सरदार (50 मीटर बटरफ्लाई, ब्रेस्ट स्ट्रोक व बैकस्ट्रोक) महिला वर्ग में झारखंड का प्रतिनिधित्व करेंगी.