जमशेदपुर वर्कर्स महाविद्यालय के नवनियुक्त प्रभारी प्राचार्य सह कोल्हान विश्वविद्यालय सीनेट सदस्य डॉ राजीव कुमार ने मंगलवार को राजभवन, रांची में झारखंड के राज्यपाल से शिष्टाचार भेंट की. मुलाकात के दौरान उन्होंने महाविद्यालय की वर्तमान शैक्षणिक गतिविधियों और जर्जर होती भौतिक संरचना की जानकारी दी. उन्होंने बताया कि भवनों की खराब स्थिति के कारण पठन-पाठन प्रभावित हो रहा है. डॉ कुमार ने सूचना पुस्तिका सौंपते हुए कॉलेज के पास स्थित खाली भू-भाग को शैक्षणिक विस्तार के लिए हस्तांतरित करने का आग्रह किया, ताकि नये शैक्षणिक भवन और आधुनिक प्रयोगशालाएं बनायी जा सकें. राज्यपाल ने समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए सकारात्मक सहयोग का आश्वासन दिया तथा आगामी कॉलेज कार्यक्रम में मुख्य अतिथि बनने का निमंत्रण भी स्वीकार किया. इस पहल को महाविद्यालय के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है.