घायल को टीएमएच में कराया गया भर्ती, घटना स्थल से एक गोली का आगे का भाग व चार खोखे बरामद
jamshedpur news :
आदित्यपुर स्थित सालडीह सीरिस भट्ठा के पास सोमवार की रात करीब साढ़े नौ बजे अपराधियों ने कई राउंड फायरिंग की. इसमें गोली लगने से घायल राजवीर सिंह उर्फ लालटू को टीएमएच में भर्ती कराया गया है. घटना की सूचना मिलने पर आदित्यपुर थाना प्रभारी बिनोद तिर्की ने दल-बल के साथ मौके पर पहुंच कर जांच की. वहीं, घटना स्थल पर पहुंचे एसडीपीओ सरायकेला समीर सवैइया ने बताया कि घायल की स्थिति खतरे से बाहर है, वह बाइक से कहीं जा रहा था. घायल राजवीर का कोई आपराधिक इतिहास नहीं है. आरोपियों की पहचान की जा चुकी है. घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है.
किसी और को मारनी थी गोली
एसडीपीओ ने बताया कि अपराधियों ने बाइक से जा रहे आशीष को लक्ष्य कर गोली चलाई थी, लेकिन गाड़ी के पीछे बैठे राजवीर को गोली लग गयी. इस दौरान एक गोली पास खड़ी बोलेरो (जेएच 05 इइ 1117) में लगी और बाकी इधर-उधर चली गयी. बोलेरो की सीट के अंदर से एक गोली के आगे का भाग व घटनास्थल से चार खोखे बरामद किये गये हैं.
संजय सरकार के इशारे पर चलायी गयी है गोली
एसडीपीओ ने बताया कि पुरुलिया जेल में बंद संजय सरकार के इशारे पर उसके पुत्र शुभम व एक अन्य के द्वारा कई राउंड गोली चलाये जाने की बात सामने आ रही है. सभी पड़ोसी हैं. घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य एकत्र किये गये हैं. आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी अभियान तेज कर दिया गया है.