जमशेदपुर. अभया बनर्जी फाउंडेशन की ओर से आठ फरवरी को सुमंत मूलगावकर स्टेडियम, टेल्को में दिव्यांग बच्चों के लिए 12वीं वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन किया जायेगा. अभया बनर्जी फाउंडेशन के अध्यक्ष डॉक्टर जोहर बनर्जी ने बताया कि इस खेलकूद प्रतियोगिता में ट्रैक और फील्ड स्पर्धा में कुल 32 स्पर्धाएं होंगी. प्रतियोगिता में शहर में विशेष बच्चों के लिए संचालित 10 स्कूलों और संस्थाओं के कुल 120 स्पेशल खिलाड़ी भाग लेंगे. प्रतियोगिता का उद्घाटन टाटा स्टील टिनप्लेट इकाई जमशेदपुर के एक्जीक्यूटिव इंचार्ज उज्ज्वल चक्रवर्ती व समाजसेवी सुरेश सोंथालिया करेंगे. प्रतियोगिता के सफल संचालन के लिए 12 तकनीकी पदाधिकारी अपना योगदान देंगे. प्रतियोगिता की तैयारियों पर चर्चा के लिए एक बैठक गुरुवार को संपन्न हुई. बैठक में श्याम कुमार शर्मा और सूबोल चटर्जी व अन्य शामिल हुए.