बकरीद में संवेदनशील इलाकों पर विशेष नजर

ईद-उल-अजहा को लेकर जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक, डीसी हेमंत सती ने कहा

By SUNIL PRASAD | May 23, 2026 10:21 PM

हजारीबाग. ईद-उल-अजहा (बकरीद) शांतिपूर्ण एवं सौहार्द्र माहौल में संपन्न कराने को लेकर शनिवार को नगर भवन में जिला स्तरीय शांति समिति एवं विधि-व्यवस्था की समीक्षा बैठक हुई. अध्यक्षता उपायुक्त हेमंत सती ने की. इसमें पुलिस अधीक्षक अमन कुमार, उप विकास आयुक्त रिया सिंह, अपर समाहर्ता संतोष सिंह, एसडीएम आदित्य पांडेय, विभिन्न विभागों के अधिकारी, दंडाधिकारी तथा शांति समिति के सदस्य उपस्थित थे. उपायुक्त ने नागरिकों से भाईचारा और सौहार्द वातावरण में पर्व मनाने की अपील की. उन्होंने जिले के संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया. सभी संबंधित अधिकारियों को अपने क्षेत्रों में शांति समिति की बैठक सुनिश्चित करने और स्थानीय स्तर पर समन्वय बनाकर कार्य करने को कहा. दोनों अनुमंडल पदाधिकारियों को संदिग्ध एवं अराजक तत्वों के विरुद्ध धारा 126 के तहत कार्रवाई करने के निर्देश दिये गये. पर्व के दौरान किसी भी आपात स्थिति से निबटने के लिए अस्पतालों एवं अग्निशमन वाहनों को 24 घंटे सक्रिय रखने, पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा कुर्बानी के बाद पशु अवशेषों के व्यवस्थित निष्पादन का निर्देश दिया गया. उपायुक्त ने जिला नियंत्रण कक्ष को सक्रिय रखने तथा आमजनों से किसी भी आपात सूचना को प्रशासन तक तुरंत पहुंचाने की अपील की. नियंत्रण कक्ष के लिए नंबर 06546-265233, 8002529349 और पुलिस सहायता के लिए 112 जारी किया गया.

आपत्तिजनक पोस्ट से बचने की अपील

पुलिस अधीक्षक ने सभी थाना क्षेत्रों में फ्लैग मार्च निकालने तथा सोशल मीडिया पर भ्रामक और आपत्तिजनक पोस्ट से बचने की अपील की. विष्णुगढ़, इचाक, बरही, बड़कागांव और टाटीझरिया क्षेत्रों में अतिरिक्त सतर्कता बरतने के निर्देश दिये.