प्रतिनिधि, कटकमसांडी कटकमसांडी में केंद्रीय आदिवासी सरना प्रार्थना सभा जय सरना ट्रस्ट की ओर से निकाली गयी 11 दिवसीय जागरूकता यात्रा गुरुवार को संपन्न हो गयी. यात्रा के दौरान आदिवासी समाज को नशामुक्ति, शिक्षा, सामाजिक जागरूकता और अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने का संदेश दिया गया. 25 मई से शुरू हुई यह यात्रा कटकमसांडी से निकलकर चतरा जिले के विभिन्न पंचायतों, चौपारण, तिलैया और बरही समेत कई आदिवासी बहुल गांवों तक पहुंची. यात्रा के माध्यम से सरना धर्म, सामाजिक कुरीतियों के उन्मूलन, जल-जंगल-जमीन की रक्षा और समाज को शिक्षित और सशक्त बनाने का संदेश दिया .यात्रा के समापन के बाद हजारीबाग शहर में भगवान बिरसा मुंडा और सिद्धू-कान्हू की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किया गया. इस दौरान जय सरना ट्रस्ट की प्रतिनिधि किरण मुंडा ने झारखंड सरकार से आगामी जनगणना फॉर्म में सरना धर्म के लिए अलग कॉलम शामिल करने की मांग की. उन्होंने कहा कि इससे आदिवासी समाज की वास्तविक और संपूर्ण जनगणना सुनिश्चित हो सकेगी. आदिवासी समाज की सही संख्या और पहचान दर्ज हो सके. यात्रा का नेतृत्व केंद्रीय अध्यक्ष एवं धर्म गुरु कृष्णा उरांव ने किया. कार्यक्रम में विजय तिग्गा, महादेव उरांव, आकाश उरांव, आर्यन उरांव सहित बड़ी संख्या में आदिवासी समाज के लोग शामिल हुए. समापन अवसर पर समाज की एकता, संस्कृति संरक्षण और सामाजिक जागरूकता को और मजबूत बनाने का संकल्प लिया गया.