करंट से प्लंबर की मौत

छत पर काम के दौरान ऊपर से गुजरे 11 हजार वोल्ट तार की चपेट में आया

By SUNIL PRASAD | May 5, 2026 10:30 PM

बरही. करंट लगने से बरसोत राजगढ़ निवासी अरुण साव (23 वर्ष, पिता स्व मोहन साव) की मौत हो गयी. अरुण प्लंबर का काम करता था. घटना मंगलवार दिन के करीब 11.30 बजे की है. वह ग्राम सकरेज (बरकट्ठा) में एक घर में काम करने गया था. मृतक के चाचा बासुदेव साव ने बरही अनुमंडलीय अस्पताल में पोस्टमार्टम के दौरान बताया कि अरुण साव को ठेकेदार अनिल पंडित सकरेज में कलीम अंसारी के घर में काम करने के लिए ले गया था. वहां घर की छत के पास से 11 हजार वोल्ट का तार गुजरा था. अरुण छत पर पानी टंकी लगा रहा था. इसी क्रम में उसका सिर बिजली के तार से छू गया. जिससे वह करंट की चपेट में आ गया. घायल अरुण को मकान मालिक एवं अन्य सहयोगियों की सहायता से बरही अनुमंडलीय अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टर ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया.

सड़क दुर्घटना में दूध विक्रेता की मौत

बरकट्ठा. प्रखंड क्षेत्र के ग्राम संकरेज के समीप जीटी रोड पर सड़क दुर्घटना में मोटर साइकिल सवार एक व्यक्ति की मौत हो गयी. घटना सोमवार दोपहर की है. घंघरी गांव से दूध बेचकर अपने घर ग्राम गुंजरा लौट रहे छोटी महतो (62 वर्ष) को अज्ञात वाहन ने चपेट में ले लिया. हादसे में गंभीर रूप से घायल छोटी महतो को इलाज के लिए तुरंत अनुमंडलीय अस्पताल बरही ले जाया गया, जहां उनकी नाज़ुक हालत को देखते हुए चिकित्सक ने बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल रेफर कर दिया, लेकिन हजारीबाग ले जाने के दौरान रास्ते में ही उनकी मौत हो गयी. घटना के बाद धक्का मारने वाला वाहन फरार हो गया.