हजारीबाग के खिलाड़ियों ने 39 मेडल जीते, पाया पहला स्थान

मां विंध्यवासिनी बीएड कॉलेज में दो दिवसीय प्रथम झारखंड ताइक्वांडो चैलेंज कप-2026 संपन्न

By SUNIL PRASAD | February 1, 2026 9:43 PM

पदमा. मां विंध्यवासिनी बीएड कॉलेज करमटांड़ पदमा में आयोजित दो दिवसीय प्रथम झारखंड ताइक्वांडो चैलेंज कप-2026 संपन्न हो गया. इस प्रतियोगिता में हजारीबाग के खिलाड़ियों ने 39 मेडल हासिल कर पहला स्थान प्राप्त किया. प्रतियोगिता में हजारीबाग, कोडरमा, धनबाद, गोड्डा, बोकारो, देवघर सहित कुल 12 जिला के विभिन्न वजन वर्ग के 159 महिला एवं पुरुष प्रतिभागियों ने प्रदर्शन किया. इसमें हजारीबाग जिला को सबसे अधिक 21 गोल्ड, सात सिल्वर और एक ब्रांज मेडल हासिल हुआ. वहीं रामगढ़ जिला 16 गोल्ड, आठ सिल्वर और पांच ब्रांज जीतकर दूसरे स्थान पर रहा. प्रतियोगिता की मेजबानी हजारीबाग ताइक्वांडो एसोसिएशन ने की. इसमें फाइटिंग में इलेक्ट्रॉनिक सेंसर इक्विपमेंट का उपयोग किया गया. प्रतियोगिता का उदघाटन संस्था के निदेशक रवि प्रकाश ने किया. आयोजन में रेफरी राजेंद्र कुमार यादव सहित धनबाद की ज्योति कुमारी, नीतू कुमारी, लोहरदगा के दीपक कुमार एवं हजारीबाग की नीरा कुमारी, पंकज कुमार तथा रौशन कुमार की सराहनीय भूमिका रही.