मॉडल कॉलेज चतरा में ऑनलाइन कक्षा शुरू

विभावि के कुलपति प्रो चंद्र भूषण शर्मा की पहल

By SUNIL PRASAD | February 7, 2026 10:56 PM

हज़ारीबाग. विभावि अंतर्गत मॉडल कॉलेज चतरा में ऑनलाइन कक्षा की शुरुआत शनिवार को हुई. दिल्ली विवि के इतिहास के प्रो अमित कुमार सुमन ने मॉडल कॉलेज चतरा में 11:30 बजे से एक बजे तक ऑनलाइन कक्षा ली. यह आयोजन विभावि के कुलपति प्रो चंद्र भूषण शर्मा के पहल पर किया गया. यह जानकारी देते हुए मॉडल कॉलेज के प्राचार्य डॉ मनीष दयाल ने बताया कि कुलपति के प्रयासों से चतरा में आज एक शैक्षिक क्रांति देखने को मिली. उन्होंने बताया कि कुलपति ने शिक्षकों की कमी और विद्यार्थियों में पढ़ने की ललक को देखते हुए ऐसी व्यवस्था की है. ऑनलाइन कक्षा कि शुरुआत कुलपति के संबोधन से हुई. कुलपति के द्वारा प्रो अमित कुमार सुमन का परिचय कराया गया. बताया कि ये अपने व्याख्यान हेतु देश-विदेश में जाते रहते हैं. इन्होंने अपना बहुमूल्य समय निकालकर चतरा जैसे पिछड़े जिले के मॉडल कॉलेज में व्याख्यान देने के लिए अपनी सहमति दी. उन्होंने स्मार्ट बोर्ड के माध्यम से व्याख्यान दिया. झारखंड तथा चतरा के इतिहास से प्रारंभ करते हुए इतिहास से जुड़े कई बिंदुओं को समझाया. बीच-बीच में विद्यार्थियों के प्रश्न भी लिये. ज्योति कुमारी, आशिया परवीन, प्रभात कुमार, गोविंद तुरी सहित कई छात्र-छात्राओं के प्रश्नों का निवारण किया. अंत में छात्र-छात्राओं के कैरियर से संबंधित जिज्ञासाओं का निवारण भी किया.