हजारीबाग. ओलंपिक संघ का प्रतिनिधिमंडल सोमवार को उपायुक्त हेमंत सती से मिला. जिले में खेल सुविधाओं के विकास और खिलाड़ियों को बेहतर संसाधन उपलब्ध कराने को लेकर चर्चा की. प्रतिनिधिमंडल में संघ के अध्यक्ष हर्ष अजमेरा, सचिव सीके दास, उपाध्यक्ष भैया मुरारी सिन्हा समेत अन्य पदाधिकारी शामिल थे. इस दौरान तैराकी तालाब, टेबल टेनिस हॉल, एथलेटिक्स ट्रैक, बास्केटबॉल कोर्ट सहित खेल परिसरों की स्थिति और रखरखाव पर विमर्श किया गया. संघ ने बताया कि जिले के खिलाड़ी राज्य स्तर तक बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं, लेकिन सुविधा के अभाव में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है. हर्ष अजमेरा ने कहा कि हजारीबाग में प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की कमी नहीं है. यदि उन्हें आधुनिक सुविधाएं, नियमित प्रशिक्षण और बेहतर खेल वातावरण मिले तो वे राष्ट्रीय स्तर पर जिले का नाम रोशन कर सकते हैं.