ऑब्जर्वर ने मतगणना केंद्र का लिया जायजा

सीसीटीवी निगरानी, बैरिकेडिंग, अभ्यर्थियों एवं मतगणना एजेंटों के बैठने की व्यवस्था की ली जानकारी

By SUNIL PRASAD | February 19, 2026 11:11 PM

हजारीबाग. नगर निगम आम निर्वाचन की तैयारियों का जायजा लेने के लिए जेनरल ऑब्जर्वर रविराज शर्मा ने गुरुवार को सामग्री कोषांग एवं प्रस्तावित मतगणना केंद्र का निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने निर्वाचन प्रक्रिया की निष्पक्षता और पारदर्शिता सुनिश्चित करने पर जोर दिया. सामग्री कोषांग के निरीक्षण के क्रम में उन्होंने मतदान में प्रयुक्त होने वाली सामग्रियों की उपलब्धता, सुरक्षित भंडारण एवं वितरण प्रणाली की समीक्षा की. उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी सामग्री आयोग के मानकों के अनुरूप सुव्यवस्थित ढंग से संधारित की जाये तथा वितरण के समय किसी प्रकार की त्रुटि न हो. इसके बाद जेनरल ऑब्जर्वर ने मतगणना केंद्र पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया. उन्होंने सीसीटीवी निगरानी, बैरिकेडिंग, अभ्यर्थियों एवं मतगणना एजेंटों के बैठने की व्यवस्था, प्रवेश-निकास मार्ग तथा अन्य आधारभूत सुविधाओं का जायजा लिया. अधिकारियों को निर्देश दिया कि निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित किया जाये, ताकि मतगणना प्रक्रिया शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न हो सके. निरीक्षण के दौरान संबंधित कोषांग पदाधिकारी, दंडाधिकारी एवं अन्य कर्मी उपस्थित थे.