चौपारण. जीटी रोड स्थित चोरदाहा चेक पोस्ट के पास मंगलवार की अहले सुबह चलती ट्रक में अचानक आग लग गयी. घटना में ट्रक के आगे का हिस्सा जलकर खाक हो गया. चालक व उप चालक ने गाड़ी से कूदकर अपनी जान बचायी. ट्रक (यूपी58एटी-2731) पतरातू से सरिया लादकर बिहार की ओर जा रहा था. चालक ने बताया कि चोरदाहा चेकपोस्ट के पास चलती ट्रक में अचानक आग लग गयी. इस घटना से कुछ देर के लिए आवागमन बाधित हो गया. चेक पोस्ट प्रभारी नितिन कुमार यादव ने बरही से अग्निशमन वाहन को बुलाया, तब आग पर काबू पाया गया. इसके बाद आवागमन बहाल हुआ.