डीएमएफटी योजनाओं में पारदर्शिता बरतें

समीक्षा बैठक में डीसी ने दिया निर्देश

By SUNIL PRASAD | May 13, 2026 10:17 PM

हजारीबाग. डीसी हेमंत सती की अध्यक्षता में बुधवार को डीएमएफटी (जिला खनिज फाउंडेशन ट्रस्ट) प्रबंधन समिति एवं नीति आयोग के आकांक्षी प्रखंड कार्यक्रम की समीक्षा बैठक हुई. बैठक में वित्तीय वर्ष 2018-19 से 2025-26 तक प्राप्त राशि, योजनाओं की प्रगति एवं प्रमुख सूचकांकों की समीक्षा की गयी. उपायुक्त ने योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्य पूर्ण करने का निर्देश दिया. कहा कि डीएमएफटी मद की राशि का उपयोग पूरी पारदर्शिता और जनहित को ध्यान में रखकर किया जाये. भवन निर्माण जैसी योजनाएं पूर्ण होते ही संबंधित विभागों को तत्काल हैंडओवर करें. जिससे उसका लाभ आम लोगों को जल्द मिल सके. बैठक में भूमि उपलब्धता या वन विभाग से एनओसी नहीं मिलने के कारण लंबित योजनाओं को निरस्त करने का निर्देश भी दिया गया. उपायुक्त ने कहा कि निविदा प्रक्रिया पूरी होते ही कार्य शुरू करना सुनिश्चित किया जाये. साथ ही डीएमएफटी मद से उपलब्ध ट्राई साइकिल जरूरतमंद दिव्यांगजनों के बीच शीघ्र वितरित करें. सदर अस्पताल में डीएमएफटी मद से नियुक्त चिकित्सकों व स्वास्थ्य कर्मियों के कार्यों की भी समीक्षा की गयी. बैठक में उप विकास आयुक्त रिया सिंह, एसडीओ आदित्य पांडेय समेत कई अधिकारी मौजूद थे.