भू-रैयतों ने परियोजना को बंद कराया

धरना पर बैठे

By SUNIL PRASAD | January 28, 2026 10:59 PM

केरेडारी. कंडाबेर बरियातू में चल रही नॉर्थ वेस्ट कोल परियोजना को कंडाबेर बरियातू पंचायत के विस्थापित-प्रभावित भू-रैयतों ने बंद करा दिया और अनिश्चितकालीन धरना पर बैठ गये. रैयत भूमि अधिग्रहण कानून 2013 के तहत मुआवजा व रोजगार की मांग कर रहे हैं. हजारीबाग डीटीओ विजय कुमार, केरेडारी सीओ रामरतन कुमार वर्णवाल, बीडीओ विवेक कुमार ने धरना स्थल पर पहुंच कर भू-रैयतों से वार्ता की. जिसमें 29 जनवरी को धरना स्थल पर कैंप लगा कर भू-रैयतों के जमीन की कागजात की जांच-पड़ताल करने पर सहमति बनी. रैयतों का कहना था कि जब तक उन्हें मुआवजा नहीं मिल जाता है, तबतक धरना जारी रहेगा. धरना में दशरथ मंडल, अशोक कुमार साव, नवल राणा, मुन्ना राणा, परमेश्वर साव, जगदीश साव, नाजिर मियां, सरिता देवी, ललिता देवी समेत दर्जनों भू-रैयत शामिल थे.

संत शिरोमणि नरहरि दास जी महाराज की जयंती एक को

हजारीबाग. कान्यकुब्ज स्वर्णकार महासंघ हजारीबाग की ओर से एक फरवरी को संत शिरोमणि नरहरि दास जी महाराज की जयंती मनायी जायेगी. अध्यक्ष कुलदीप वर्मा, महासचिव संजय कुमार, बबलू, जीतेंद्र सोनी ने बताया कि नूरा चौक स्थित हनुमान मंदिर के सामने स्वर्णकार महासंघ के जिला कार्यालय में जयंती मनायी जायेगी. उन्होंने सभी स्वर्णकार सदस्यों से शामिल होने की अपील की है. सुबह 10 बजे से पूजा आरती और पुष्पांजलि शुरू की जायेगी. दोपहर 12 बजे से भंडारा का आयोजन होगा.