दर्जन भर शराब भट्ठी नष्ट, तैयार शराब व जावा नष्ट

भगहर में पुलिस एवं वनकर्मियों की संयुक्त टीम की कार्रवाई

By SUNIL PRASAD | June 3, 2026 10:54 PM

चौपारण. अवैध देसी शराब के औद्योगिक क्षेत्र के नाम से चर्चित भगहर में बुधवार को पुलिस एवं वनकर्मियों की संयुक्त टीम ने कार्रवाई की. अभियान करीब सात घंटे तक चला. इस दौरान पुलिस ने जेसीबी से दर्जन भर से अधिक शराब भट्ठियों को ध्वस्त कर दिया. इसके अलावा शराब बनाने के लिए सैकड़ों प्लास्टिक ड्रम में गलाया गया महुआ, जावा महुआ को भी तहस-नहस कर दिया. तैयार महुआ शराब को जमीन पर बहा दिया गया. छापामारी दल का नेतृत्व अनि सुनील सिंह एवं प्रादेशिक वन प्रक्षेत्र के वनपाल संटू कुमार कर रहे थे. छापामारी की भनक लगते ही शराब कारोबारी व मजदूर जंगल की ओर फरार हो गये. पुलिस कारोबारियों के नाम का पता लगा रही है, ताकि उनके विरुद्ध कार्रवाई की जा सके. थाना प्रभारी पंकज कुमार ने कहा कि भगहर में कार्रवाई जारी रहेगी. वन विभाग, उत्पाद विभाग एवं पुलिस प्रशासन की संयुक्त टीम बनायी गयी है, जो बारी-बारी से अवैध शराब कारोबारियों पर शिकंजा कसेगी.

सर्पदंश से युवती की स्थिति गंभीर, रेफर

बरकट्ठा. ग्राम बरकट्ठा डीह निवासी मुस्कान कुमारी (17 वर्ष, पिता राजू साव) की जहरीले सांप के डसने से स्थिति गंभीर हो गयी है. उसे दो जून की रात सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बरकट्ठा से चिकित्सक ने बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल हजारीबाग रेफर कर दिया.