नशे के कारोबारियों और संगठित अपराध गिरोहों पर कसे शिकंजा

अपराध समीक्षा बैठक में बोकारो रेंज के आइजी ने दिया निर्देश

By SUNIL PRASAD | June 12, 2026 9:54 PM

हजारीबाग. बोकारो रेंज के आइजी शैलेंद्र कुमार सिन्हा ने शनिवार को पुलिस सभागार में एसपी अमन कुमार और पुलिस पदाधिकारियों के साथ अपराध समीक्षा बैठक की. बैठक में मुहर्रम पर्व के मद्देनजर शांति, विधि व्यवस्था और सांप्रदायिक सौहार्द बनाये रखने के साथ-साथ अवैध मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री, संगठित अपराध, सीसीए और एससी-एसटी अधिनियम से जुड़े मामलों की समीक्षा की गयी. आइजी ने वरीय पुलिस पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि अवैध मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री वाले स्थानों को चिह्नित कर तस्करों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करें. संगठित अपराध गिरोहों और अवैध खनन में संलिप्त लोगों के खिलाफ सीसीए के तहत कार्रवाई करने, गुंडा पंजी में नाम दर्ज करने तथा थाना हाजिरी का प्रस्ताव भेजने पर जोर दिया. उन्होंने मुहर्रम के दौरान शांति व्यवस्था बनाये रखने के लिए पूर्व में सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वाली घटनाओं में शामिल असामाजिक तत्वों को चिह्नित कर कार्रवाई करने का निर्देश दिया. साथ ही लाइसेंसी एवं गैर लाइसेंसी अखाड़ों के जुलूसों की सूची तैयार कर निगरानी रखने को कहा. आइजी ने थाना आने वाले लोगों के साथ मित्रवत व्यवहार करने का भी निर्देश दिया.

लंबित कांडों को प्राथमिकता के आधार पर निबटायें : एसपी

एसपी अमन कुमार ने थाना प्रभारियों को महिला प्रताड़ना, महिला हिंसा एवं एससी-एसटी अधिनियम के तहत दर्ज मामलों में त्वरित कार्रवाई करते हुए 60 दिनों के भीतर निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. उन्होंने वर्ष 2025 से पूर्व के लंबित कांडों को प्राथमिकता के आधार पर निबटाने को कहा. एसपी ने कहा कि थानों में लंबित जमानती एवं गैर-जमानती वारंट, इश्तेहार और कुर्की-जब्ती के मामलों के निष्पादन के लिए विशेष अभियान चलाया जाये. बालू, पत्थर और कोयले के अवैध उत्खनन पर रोक लगाने के लिए अंचलाधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर कार्रवाई करने का निर्देश दिया. उन्होंने सभी डीएसपी, इंस्पेक्टर और थाना प्रभारियों से छिनतई, चोरी, लूट एवं हत्या की घटनाओं में शामिल अपराधियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने को कहा. साथ ही अपराध नियंत्रण के लिए नियमित गश्ती चलाने और सड़क लूट, चोरी तथा संगठित अपराध पर अंकुश लगाने हेतु थानों को उपलब्ध करायी गयी अत्याधुनिक मोटरसाइकिलों का उपयोग करने का निर्देश दिया.