महिला से चेन की छिनतई

टोटो से उतरते ही बाइक सवार आ धमके, चेन झपट हुए फरार

By SUNIL PRASAD | February 4, 2026 10:51 PM

हजारीबाग. शहर में चेन छिनतई की घटना अब आम हो गयी है. आये दिन सड़क पर चल रही महिलाओं के गले से चेन छिनतई कर मोटरसाइकिल सवार अपराधी पुलिस को चुनौती दे रहे हैं. घटना के बाद पुलिस सिर्फ लकीर पीटती रहती है. इसी तरह की घटना बुधवार की दोपहर करीब 12.15 बजे जैन पेट्रोल पंप अपना मार्ट के समीप हुई. एक महिला हॉलीक्रास स्कूल से अपने बच्चे के लेकर टोटो से घर जा रही थी. रास्ते में कुछ सामान खरीदने के लिए महिला ने टोटो को रुकवाया. वह जैसे ही टोटो से नीचे उतरी, उसी दौरान तेज गति से मोटरसाइकिल सवार दो युवक आये और उसके गले से चेन झपटकर फरार हो गये.

सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी पुलिस :

सदर थाना प्रभारी सह इंस्पेक्टर सुभाष सिंह ने कहा कि चेन स्नेचिंग की घटना के बाद घटनास्थल पर जाकर जांच-पड़ताल की गयी. विभिन्न संस्थानों में लगे सीसीटीवी के फुटेज को भी खंगाला जा रहा है. घटना को अंजाम देनेवाले बाइक सवार अपराधियों की पहचान की जा रही है. थाना प्रभारी ने कहा कि घटना को लेकर भुक्तभोगी महिला ने थाना में आवेदन नहीं दिया है.