बोटा लदा वाहन जब्त

सूचना देने के संदेह में ग्रामीणों से मारपीट

By SUNIL PRASAD | May 27, 2026 10:51 PM

पदमा. वन विभाग ने गारूकुरहा में छापामारी कर बोटा लदा एक 407 वाहन जब्त किया है. वाहन बिना नंबर का था. छापामारी के दौरान चालक गाड़ी को सड़क किनारे छोड़कर फरार हो गया. इस दौरान गारूकुरहा में लकड़ी काटकर बेचने के धंधे में शामिल लोगों ने वनरक्षी को सूचना देने के संदेह में स्थानीय लोगों के साथ जमकर मारपीट की. मारपीट में एक ग्रामीण का हाथ टूट गया. मामला गंभीर होते देख वनरक्षी ने पदमा ओपी प्रभारी को फोन कर घटना की सूचना दी. जिसके बाद पदमा ओपी प्रभारी दलबल के साथ मौके पर पहुंचे. मामला शांत कराया. हालांकि इस दौरान लकड़ी काटकर ले जाने वाले गिरोह के सदस्य फरार हो गये. इसके बाद वनरक्षी लकड़ी लदे जब्त वाहन को बरही रेंजर कार्यालय ले गये. वनरक्षी के आवेदन पर एक नामजद सहित दो अन्य लोगों पर वन अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है. वहीं मारपीट में शामिल दोनों गुटों ने भी एक-दूसरे पर मामला दर्ज कराया है. इस संबंध में वनपाल अमर कुमार ने बताया कि पदमा वन क्षेत्र में पिछले कुछ दिनों से इलेक्ट्रॉनिक कटर मशीन के जरिये जंगलों और सड़क किनारे लगे पेड़ों की अवैध कटाई करने वाले दो-तीन गिरोह सक्रिय हैं. हालांकि सूचना के आधार पर कई बार कार्रवाई भी की गयी. अब इस गिरोह में शामिल मुख्य लोगों की जानकारी प्राप्त कर विभाग द्वारा बड़ी कार्रवाई करने की तैयारी की जा रही है.