नारायणपुर-सिमराढाब सड़क पर दिखा आक्रामक हाथी, दहशत

वन विभाग ने ग्रामीणों से घर में रहने की अपील की

By SUNIL PRASAD | February 21, 2026 10:54 PM

टाटीझरिया. प्रखंड क्षेत्र में दो दिनों से दो जंगली हाथी डेरा जमाए हुए हैं. इससे ग्रामीण दहशत के साये में जीने को मजबूर हैं. शुक्रवार की रात हाथी धर्मपुर पंचायत के पानीमाको पहुंच गये थे. वन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंचकर हाथियों को भगाने में जुट गयी. शनिवार को हाथी दिनभर बेडमक्का के जंगलों में डेरा जमाये रहे. वहीं शाम लगभग सात बजे बेडमक्का-नारायणपुर के लोगों को नारायणपुर से सिमराढाब जानेवाली सड़क के पास जंगली हाथी दिखे. इसकी सूचना वन विभाग को दी गयी. हाथी के देखे जाने से नारायणपुर, बेडमक्का, सिमराढाब, खैरा सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्र के लोग दहशत में हैं. वन विभाग ने लोगों को सावधान किया है कि सिमराढाब जंगल में एक हाथी आया है, जो काफी आक्रामक है. इसलिए घर में रहे. जंगल की ओर न जायें. खबर लिखे जाने तक वन विभाग के लोग हाथी बचाव के उपकरण के मदद से हाथी को भगाने में लगे हुए थे.

वारंटी गिरफ्तार, न्यायिक हिरासत में भेजा गया

चरही. पुलिस ने वारंटी मिहिलाल मांझी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. उसके विरुद्ध न्यायालय में परिवाद संख्या 2795/23 दर्ज है. यह मामला भारतीय वन अधिनियम की धारा-33 से संबंधित है. उसके खिलाफ न्यायालय से गैर जमानती वारंट जारी किया गया था.