मरीजों के प्रति संवेदनशील व्यवहार अपनायें : एसडीओ

सामुदायिक अस्पताल का निरीक्षण कर व्यवस्था का जायजा लिया

By SUNIL PRASAD | May 27, 2026 10:48 PM

चौपारण. एसडीओ जोहन टुडू ने बुधवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य व्यवस्था का जायजा लिया. इस दौरान अस्पताल परिसर की साफ-सफाई, ओपीडी व्यवस्था, दवा वितरण, चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों की उपस्थिति सहित विभिन्न व्यवस्थाओं की जांच की. एसडीओ के अस्पताल पहुंचते ही स्वास्थ्य कर्मियों में हलचल तेज हो गयी. निरीक्षण के क्रम में एसडीओ ने मरीजों से बातचीत कर उन्हें मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी ली. कई मरीजों ने दवा उपलब्धता और चिकित्सकों के व्यवहार को लेकर अपनी बात रखी. जिस पर एसडीओ ने प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ डीएन ठाकुर को सुधार करने का निर्देश दिया. कहा अस्पताल आने वाले मरीजों को बेहतर इलाज और सभी जरूरी सुविधाएं समय पर मिलनी चाहिए. एसडीओ ने अस्पताल के विभिन्न वार्डों का निरीक्षण कर साफ-सफाई व्यवस्था को बेहतर करने, नियमित रूप से दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा मरीजों के प्रति संवेदनशील व्यवहार अपनाने का निर्देश दिया. उन्होंने स्वास्थ्य कर्मियों को समय पर ड्यूटी करने और सरकारी योजनाओं का लाभ आम लोगों तक पहुंचाने पर जोर दिया. प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी ने एसडीओ को अस्पताल की वर्तमान स्थिति एवं उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी दी. निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य कर्मी एवं कर्मचारी मौजूद थे. एसडीओ के साथ प्रशिक्षु आइएएस, बीडीओ नितेष भाष्कर सहित कई अधिकारी शामिल थे.