सिमडेगा. शांति भवन मेडिकल सेंटर बीरू में आधुनिक तकनीक द्वारा एडवांस्ड फेको मोतियाबिंद सर्जरी की सुविधा अब स्थानीय स्तर पर उपलब्ध है. इस आधुनिक तकनीक से कई मरीजों की सफल सर्जरी की गयी, जिसमें न्यूनतम दर्द, कम समय में प्रक्रिया पूर्ण होने तथा उसी दिन सुरक्षित डिस्चार्ज की सुविधा प्रदान की गयी. बताया गया कि फेको सर्जरी एक उन्नत माइक्रो-इंसीजन तकनीक है, जिसमें बिना बड़े चीरे और बिना टांके के मोतियाबिंद का उपचार किया जाता है. इस प्रक्रिया में संक्रमण का जोखिम कम होता है तथा मरीज शीघ्र अपनी सामान्य दिनचर्या में लौट सकता है. अक्सर मरीजों को नेत्र सर्जरी के लिए बड़े शहरों की ओर जाना पड़ता है, जिससे समय और धन दोनों की हानि होती है. शांति भवन मेडिकल सेंटर की यह पहल क्षेत्रवासियों के लिए राहत साबित हो रही है. सर्जरी के बाद मरीज ने कहा कि सर्जरी के दौरान कोई विशेष दर्द महसूस नहीं हुआ. डॉक्टरों और स्टाफ ने पूरा सहयोग दिया. सबसे बड़ी बात यह है कि उसी दिन घर लौट सके और अब पहले से कहीं बेहतर दिखायी दे रहा है. चिकित्सक ने कहा कि हमारा प्रयास है कि आधुनिक व सुरक्षित नेत्र सर्जरी की सुविधा क्षेत्र के लोगों को यहीं उपलब्ध हो, ताकि उन्हें बड़े शहरों में भटकना न पड़े. अस्पताल प्रबंधन ने बताया कि भविष्य में भी आधुनिक उपकरणों और विशेषज्ञ चिकित्सकों के माध्यम से गुणवत्तापूर्ण एवं सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने का प्रयास निरंतर जारी रहेगा.