संगठन की मजबूती व निकाय चुनाव पर की चर्चा

संगठन की मजबूती व निकाय चुनाव पर की चर्चा

By Prabhat Khabar News Desk | January 31, 2026 10:20 PM

गुमला. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के महत्वपूर्ण दावोस दौरे से राजधानी लौटने के बाद गुमला विधायक भूषण तिर्की ने रांची में उनसे मुलाकात की. मुख्यमंत्री आवास पर हुई मुलाकात को राजनीतिक गलियारों में अहम माना जा रहा है. मुलाकात के दौरान विधायक भूषण तिर्की ने मुख्यमंत्री के साथ पार्टी संगठन की वर्तमान स्थिति पर चर्चा की. मौके पर कार्यकर्ताओं के मनोबल को बढ़ाने व जमीनी स्तर पर पार्टी की पकड़ को और मजबूत करने की रणनीति पर विमर्श किया गया. विधायक ने गुमला क्षेत्र की जनसमस्याओं व विकास कार्यों की प्रगति से भी मुख्यमंत्री को अवगत कराया. इस मुलाकात का सबसे मुख्य केंद्र बिंदु आगामी नगर निकाय चुनाव रहा. चर्चा के दौरान चुनावों की तैयारियों को लेकर फीडबैक साझा किया गया. प्रत्याशियों के चयन व चुनावी रणनीति के शुरुआती खाके पर बात हुई. पार्टी को शहरी क्षेत्रों में और अधिक सक्रिय करने के निर्देशों पर मंथन हुआ. विधायक ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में संगठन पूरी मजबूती के साथ आगे बढ़ रहा है. आगामी निकाय चुनाव में पार्टी शानदार प्रदर्शन करेगी और जनता का भरोसा फिर से जीतेगी. शिष्टाचार भेंट के दौरान भूषण तिर्की ने गुमला विधानसभा क्षेत्र में चल रही विभिन्न योजनाओं की प्रगति पर भी मुख्यमंत्री से मार्गदर्शन प्राप्त किया. मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाना है.