गुमला स्थापना दिवस को भव्य बनाने की तैयारी तेज

सांस्कृतिक कार्यक्रम, खेल प्रतियोगिता और रन फॉर झारखंड समेत अन्य आयोजनों पर हुई चर्चा

By Prabhat Khabar News Desk | May 12, 2026 10:00 PM

गुमला. जिला स्थापना दिवस (18 मई) के सफल आयोजन को लेकर मंगलवार को उपायुक्त दिलेश्वर महतो की अध्यक्षता में प्रशासनिक पदाधिकारियों की समीक्षा बैठक हुई. बैठक में स्थापना दिवस पर आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों की रूपरेखा व तैयारियों की समीक्षा की गयी. बैठक में सांस्कृतिक कार्यक्रम, सम्मान समारोह, खेल प्रतियोगिताएं (टूर्नामेंट), बुक फेयर एवं रन फॉर झारखंड जैसे आयोजनों को आकर्षक व व्यवस्थित ढंग से आयोजित करने पर चर्चा हुई. उपायुक्त ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्यक्रमों के सफल संचालन का निर्देश दिया. उपायुक्त ने कहा कि जिला स्थापना दिवस जिले की गौरवशाली पहचान का प्रतीक है. ऐसे में सभी कार्यक्रम जनभागीदारी के साथ भव्य व गरिमामय तरीके से आयोजित किये जाये. उन्होंने विशेष रूप से युवाओं, विद्यार्थियों और आमजनों की अधिकाधिक सहभागिता सुनिश्चित करने पर जोर दिया. बैठक में कार्यक्रम स्थल, सुरक्षा व्यवस्था, स्वच्छता, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, प्रचार-प्रसार समेत अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं पर भी चर्चा की गयी व संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये गये. बैठक में अपर समाहर्ता शशिंद्र कुमार बड़ाइक, अनुमंडल पदाधिकारी (सदर) राजीव नीरज, सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा सह जिला नजारत उप समाहर्ता ललन कुमार रजक, जिला योजना पदाधिकारी रमण कुमार, जिला खेल पदाधिकारी प्रवीण कुमार, जिला शिक्षा अधीक्षक नूर आलम खां, पीएचइडी के कार्यपालक अभियंता अनुज कुमार मिश्रा, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी आरती कुमारी आदि उपस्थित थे.