आंजनधाम टोल प्लाजा पर मिशन बदलाव का प्रदर्शन

स्थानीय लोगों से टोल वसूली पर जताया आक्रोश

By Prabhat Khabar News Desk | May 15, 2026 9:51 PM

गुमला. रेड़वा स्थित आंजनधाम टोल प्लाजा पर धरना-प्रदर्शन करने पहुंचे मिशन बदलाव के कार्यकर्ताओं ने जम कर विरोध प्रदर्शन किया. स्थानीय नागरिकों से टोल टैक्स वसूली को लेकर लोगों में आक्रोश देखा गया. मिशन बदलाव की ओड़िशा राज्य संयोजक अंजना टोप्पो ने कहा कि गुमला जिले के स्थानीय नागरिकों से नियमानुसार छूट मिलने के बावजूद अवैध रूप से टोल टैक्स वसूला जा रहा है. इससे आम जनता और व्यापारियों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है. उन्होंने कहा कि मिशन बदलाव ने आंदोलन को नैतिक और संगठनात्मक समर्थन देते हुए बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं के साथ प्रदर्शन में भाग लिया. संगठन ने स्पष्ट किया कि स्थानीय हितों की रक्षा के लिए वह व्यापारियों और आम जनता के साथ कंधे से कंधा मिला कर खड़ा है. प्रदर्शन में मिशन बदलाव महिला टीम की संयुक्त इकाई ने भी सक्रिय भूमिका निभायी. इस दौरान सैय्यदा खातून, ज्योति वर्मा, ज्योति ग्लोरिया कुजूर और अंजना टोप्पो प्रमुख रूप से मौजूद रहीं. प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि गुमला के स्थानीय निवासियों को आंजनधाम टोल प्लाजा पर टोल टैक्स से पूर्ण छूट दी जाये और अवैध वसूली पर तत्काल रोक लगायी जाये. साथ ही व्यापारियों और आम जनता की समस्याओं का प्रशासनिक स्तर पर शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने की मांग भी उठायी गयी. मिशन बदलाव ने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द ठोस कार्रवाई नहीं की गयी, तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जायेगा.