समस्याएं सुन समाधान करने का दिया आश्वासन

साप्ताहिक जन शिकायत निवारण दिवस

By Prabhat Khabar News Desk | January 28, 2026 10:39 PM

गुमला. उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित ने साप्ताहिक जन शिकायत निवारण दिवस में जनता की समस्याओं से अवगत हुईं. इस दौरान उपायुक्त ने प्राप्त सभी आवेदनों को गंभीरता पूर्वक सुन संबंधित विभागों के पदाधिकारियों को त्वरित व संवेदनशील कार्रवाई करने के निर्देश दिये. कई आवेदनों का मौके पर ही समाधान किया गया. जन शिकायत निवारण दिवस के दौरान नागरिकों द्वारा राशन, पेंशन, आवास, बिजली, पेयजल, सड़क निर्माण, रोजगार, आपसी विवाद, सामाजिक एवं राजस्व से संबंधित विभिन्न समस्याएं उपायुक्त के समक्ष रखीं. इस क्रम में चाला अखड़ा खोड़हा, ग्राम शाखा पिरहा चट्टान, पो सुंदरीडीह प्रखंड पालकोट के प्रतिनिधियों द्वारा दिनांक 14 फरवरी 2026 को बाजारटांड़ पिरहा चट्टान में आयोजित होने वाले माघ जतरा के लिए आर्थिक सहायता प्रदान करने का आवेदन प्रस्तुत किया. सिसई अंचल अंतर्गत ग्राम घाघरा कपोटोली निवासी बुधवा पहान (उरांव), पिता- सनिया उरांव ने उनकी जमीन पर अवैध रूप से नाम चढ़ा कर रसीद कटवाने की शिकायत की गयी. ग्राम बरांगपाट घाघरा निवासी संजीवन उरांव ने हिंडालको कंपनी बिमरला माइंस से संबंधित शिकायत प्रस्तुत की. उपायुक्त ने दस्तावेजों के आधार पर संबंधित विभाग को नियमानुसार जांच कर आवश्यक कार्रवाई व प्रतिवेदन समर्पित करने का निर्देश दिया गया. पेयजल समस्या से संबंधित आवेदन में ग्राम इडरो फटकपुर पंचायत बसुआ निवासी बिनोद उरांव द्वारा बताया गया कि वह और उसकी पत्नी दोनों दिव्यांग हैं. उनके घर के पास पेयजल की कोई सुविधा उपलब्ध नहीं है. उपायुक्त द्वारा इस मानवीय मामले को प्राथमिकता देते हुए संबंधित विभाग को स्थल सत्यापन कर चापाकल स्थापना की कार्रवाई शीघ्र सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. जन शिकायत निवारण दिवस पर उपायुक्त गुमला द्वारा कहा गया कि आम नागरिकों की समस्याओं का समयबद्ध, पारदर्शी एवं संवेदनशील समाधान जिला प्रशासन की प्राथमिकता है तथा सभी संबंधित पदाधिकारी जन शिकायतों के निवारण में गंभीरता व तत्परता बरतें.