जंग लगने से संकेतक बोर्ड क्षतिग्रस्त, हो सकता है हादसा

गुमला-लोहरदगा रोड पर थाना चौक के आगे लगा है यह बोर्ड

By Prabhat Khabar News Desk | June 4, 2026 10:27 PM

गुमला. गुमला शहर के थाना चौक से आगे लोहरदगा रोड पर पथ निर्माण विभाग द्वारा वर्षों पहले लगाया गया जिलों के नाम व दूरी दर्शाने वाला संकेतक बोर्ड जर्जर हो चुका है. बोर्ड की स्थिति ऐसी हो गयी है कि वह कभी भी जान-माल की क्षति का कारण बन सकता है. स्थानीय लोगों के अनुसार बोर्ड का निचला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो चुका है. जिस लोहे की पाइप पर बोर्ड लगाया गया है, उसमें नीचे से ऊपर तक जंग लग गयी है. विशेष रूप से नींव के पास, जहां पाइप को नट-बोल्ट के सहारे लगाया गया है, वहां का हिस्सा अधिक जंग लगने से सड़ चुका है. ऐसे में बोर्ड की मजबूती पर सवाल खड़े हो गये हैं. बरसात का मौसम शुरू होने वाला है. इस दौरान अचानक मौसम खराब होने और तेज आंधी-तूफान चलने की घटनाएं आम हैं. ऐसी स्थिति में जर्जर बोर्ड के सड़क पर गिरने की आशंका बढ़ गयी है. फिलहाल बोर्ड किसी तरह खड़ा है, लेकिन समय रहते इसकी मरम्मत या इसे हटाने की कार्रवाई नहीं की गयी, तो कभी भी बड़ी दुर्घटना हो सकती है. यदि बोर्ड गिरता है और उसकी चपेट में कोई राहगीर, वाहन चालक या अन्य व्यक्ति आ जाता है, तो जान-माल की क्षति हो सकती है. लोहरदगा रोड निवासी युवक संदीप उरांव ने इस जर्जर बोर्ड की तस्वीर व्हाट्सएप के माध्यम से प्रभात खबर गुमला के प्रतिनिधि को उपलब्ध करायी है. एक जागरूक नागरिक द्वारा उठायी गयी इस समस्या के बाद अब लोगों की नजर प्रशासन और संबंधित विभाग की कार्रवाई पर टिकी है. देखना यह है कि संभावित दुर्घटना को रोकने के लिए बोर्ड की समय रहते मरम्मत या प्रतिस्थापन किया जाता है, या फिर किसी अनहोनी के बाद ही विभाग की नींद खुलती है.