बैंक अधिकारी बन कर ठगी, वृद्धों को बना रहे निशाना

बैंक अधिकारी बन कर ठगी, वृद्धों को बना रहे निशाना

By Prabhat Khabar News Desk | April 18, 2026 10:06 PM

गुमला. शहर में इन दिनों ठगी के नये-नये तरीके सामने आ रहे हैं, जो आमलोगों के लिए चिंता का विषय बनते जा रहे हैं. ताजा मामलों में ठग अब कोट-पैंट पहन कर खुद को बैंक अधिकारी बता कर लोगों के घरों तक पहुंच 50 से 80 वर्ष के लोगों को निशाना बना रहे हैं. ताजा मामला सदर थाना क्षेत्र के करौंदी गांव का है, जहां फगनी देवी से ठग ने उनके घर पहुंच कर 10 हजार रुपये की ठगी कर ली. फगनी देवी ने बताया कि 10 अप्रैल को वह घर पर अकेली थी, तभी एक युवक खुद को बैंक अधिकारी बता कर आया. उसने पैसे निकालने का झांसा देकर आधार कार्ड और झारखंड ग्रामीण बैंक का पासबुक ले लिया. इसके बाद मशीन में अंगूठा लगवाया और कुछ देर बाद पैसे नहीं निकलने की बात कह कर चुपचाप उनके खाते से 10 हजार रुपये अपने खाते में ट्रांसफर कर फरार हो गया. इससे पहले भी शहर में किराये पर रह रही रायडीह की एक 50 वर्षीय महिला के साथ 10 अप्रैल को इस तरह की घटना हो चुकी है. पीड़िता ने इस संबंध में थाना में लिखित शिकायत दर्ज करा कार्रवाई की मांग की है. इधर, दोनों मामलों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने जांच तेज कर दी है.