पर्यावरण संरक्षण समाज के हर व्यक्ति की जिम्मेवारी : डॉक्टर आशा

सर्किट हाउस गुमला परिसर में पौधरोपण कार्यक्रम

By Prabhat Khabar News Desk | June 5, 2026 10:37 PM

गुमला. विश्व पर्यावरण दिवस पर शुक्रवार को सर्किट हाउस गुमला परिसर में पौधरोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग (एनसीएसटी) सदस्य डॉ आशा लकड़ा समेत जिला प्रशासन के अधिकारियों ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण व संवर्धन का संदेश दिया. डॉक्टर आशा लकड़ा ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकार की नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति की सामूहिक जिम्मेदारी है. उन्होंने कहा कि जल, जंगल व जमीन जनजातीय समाज की पहचान व जीवन का आधार हैं. इनके संरक्षण के लिए पौधरोपण करने तथा प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण हेतु जनभागीदारी बढ़ाने की जरूरत है. उपायुक्त दिलेश्वर महतो ने कहा कि पर्यावरण का संतुलन बनाये रखने के लिए पौधरोपण सबसे प्रभावी उपायों में से एक है. कहा कि वर्तमान समय में बढ़ते प्रदूषण व जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों को देखते हुए प्रत्येक व्यक्ति को पर्यावरण संरक्षण के प्रति सजग होना होगा. एसपी हारिस बिन जमां ने कहा कि स्वस्थ पर्यावरण समाज के समग्र विकास की आधारशिला है. कहा कि पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण हेतु सामूहिक उत्तरदायित्व निभाना समय की मांग है. मौके पर डीडीसी अनिमेष रंजन, अपर समाहर्ता राजीव नीरज, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी महेश कुमार, डीसीएलआर राजीव कुमार समेत अन्य संबंधित पदाधिकारी व कर्मी उपस्थित थे.