वृद्ध ने कीटनाशक खाकर दी जान, जांच में जुटी पुलिस

वृद्ध ने कीटनाशक खाकर दी जान, जांच में जुटी पुलिस

By Prabhat Khabar News Desk | April 21, 2026 10:41 PM

गुमला. सदर थाना की फसिया पंचायत के ढोढरीटोली गांव में कीटनाशक का सेवन करने से गणपति सिंह (60 वर्ष) की मौत हो गयी. बताया जा रहा है कि मृतक की दो पत्नियां हैं. जमीन व संपत्ति को लेकर अक्सर विवाद होते रहता था. मामला थाना तक पहुंच गया था. आये दिन घर के विवाद से परेशान होकर गणपत सिंह ने आत्महत्या कर ली. हालांकि पुलिस मामले की जांच कर रही है. घटना के संबंध में मृतक की पत्नी भूखली देवी ने पुलिस को बताया कि वह कचहरी स्थित एक होटल में काम करती है. सोमवार को गणपत उसे लेने के लिए घर से निकला था. लेकिन दोनों की मुलाकात नहीं हो सकी. इसके बाद पत्नी अकेले घर लौट आयी. बच्चों से पूछने पर पता चला कि वह उसे ही लाने गये हैं. सोमवार की रात करीब आठ बजे जब गणपत वापस घर लौटा, तो उसने सामान्य रूप से पूजा-पाठ की और खाना खाया. हालांकि कुछ देर बाद ही उसने अचानक तबीयत बिगड़ने की बात कही. स्थिति बिगड़ते देख परिजन उसे तत्काल सदर अस्पताल गुमला लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रिम्स रेफर कर दिया. दुर्भाग्यवश रिम्स ले जाने के दौरान रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया. अस्पताल के चिकित्सकों ने कीटनाशक के सेवन से मौत होने की पुष्टि की है. इधर सूचना मिलने पर पुलिस मामले की छानबीन में जुट गयी है. मंगलवार को एसआइ अरविंद तिवारी ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम कराया और प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को उनके परिजनों को सौंप दिया.