खड़ियापाड़ा नदीटोली में पेयजल संकट गहराया

एक साल से बंद पड़ी है जलमीनार, ग्रामीणों ने नगर परिषद से लगायी गुहार

By Prabhat Khabar News Desk | February 15, 2026 9:20 PM

गुमला. नगर परिषद गुमला अंतर्गत वार्ड नंबर- चार के खड़ियापाड़ा नदीटोली के लोग इन दिनों पेयजल की समस्या से जूझ रहे हैं. नदीटोली में शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से नगर परिषद द्वारा लाखों रुपये की लागत से बोरवेल व सोलर पावर्ड सबमर्सिबल पंप के साथ वाटर सप्लाई स्कीम के तहत जलमीनार स्थापित की गयी थी. जलमीनार चालू होने के बाद लोगों को घर के बाहर ही पानी मिलने लगा था, जिससे ग्रामीणों में खुशी थी. लेकिन बीते एक वर्ष से तकनीकी खराबी के कारण जलमीनार बंद पड़ी है. मशीन में आयी खराबी के बाद जलापूर्ति ठप हो गयी है. इतना ही नहीं, जलमीनार से पानी भरने के लिए लगाये गये नल को भी शरारती तत्वों ने तोड़ दिया है. स्थानीय निवासी हाबिल मिंज, सेवाती मिंज, ललिता देवी, सुषमा तिर्की, मेरखा मिंज और नेमहंती तिर्की सहित अन्य ग्रामीणों ने बताया कि जब तक जलमीनार चालू थी, तब तक पानी की कोई परेशानी नहीं थी. लेकिन पिछले एक साल से जलापूर्ति बंद होने के कारण पानी की भारी किल्लत हो गयी है. गर्मी का मौसम नजदीक आने से समस्या और गंभीर होने की आशंका है. ग्रामीणों ने नप गुमला से जलमीनार की मरम्मत कराने की मांग की है, ताकि पेयजल संकट से राहत मिल सके.